अजिंक्य रहाणे की जबरदस्त पारी, श्रेयस अय्यर और सरफराज खान ने भी जड़ा अर्धशतक

अजिंक्य रहाणे और श्रेयस अय्यर (Photo Credit - @BCCIdomestic)
अजिंक्य रहाणे और श्रेयस अय्यर (Photo Credit - @BCCIdomestic)

Mumbai vs Rest of India, Irani Cup : मुंबई और रेस्ट ऑफ इंडिया के बीच लखनऊ में ईरानी कप का मुकाबला खेला जा रहा है। मुंबई की कमान अजिंक्य रहाणे के हाथ में है। वहीं रेस्ट ऑफ इंडिया की कप्तानी ऋतुराज गायकवाड़ कर रहे हैं। दोनों ही टीमों में कई सारे बेहतरीन प्लेयर मौजूद हैं। पहले बैटिंग करते हुए मुंबई ने 4 विकेट के नुकसान पर 237 रन बना लिए हैं। पहले दिन स्टंप्स के समय कप्तान अजिंक्य रहाणे 86 और सरफराज खान 54 रन बनाकर क्रीज पर हैं।

Ad

इससे पहले रेस्ट ऑफ इंडिया के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने टॉस जीता और फील्डिंग करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई की शुरुआत अच्छी नहीं रही। सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ महज 4 रन बनाकर आउट हो गए। पृथ्वी शॉ हाल ही में इंग्लैंड से काउंटी क्रिकेट खेलकर लौटे हैं। इसी वजह से उनसे बड़ी पारी की उम्मीद जताई जा रही थी। हालांकि वो 7 गेंद का सामना करने के बाद सिर्फ 4 रन ही बना सके। इसके बाद विकेटकीपर बल्लेबाज हार्दिक तैमोर बिना खाता खोले आउट हो गए। इस तरह मुंबई ने सिर्फ 6 रन के स्कोर पर ही 2 विकेट गंवा दिए।

अजिंक्य रहाणे और श्रेयस अय्यर की जबरदस्त पारियां

जल्दी-जल्दी विकेट गंवाने के बाद सीनियर खिलाड़ियों ने जिम्मेदारी संभाली। कप्तान अजिंक्य रहाणे और श्रेयस अय्यर ने चौथे विकेट के लिए 102 रनों की शानदार साझेदारी की। रहाणे ने इस दौरान 197 गेंद पर 6 चौके और 1 छक्के की मदद से 86 रन बनाए और वो अभी भी नाबाद हैं। जबकि श्रेयस अय्यर ने 84 गेंद पर 6 चौके और 2 छक्के की मदद से 57 रनों की पारी खेली। सरफराज खान भी काफी अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं। उन्होंने अभी तक 88 गेंद पर 6 चौके की मदद से 54 रन बनाए हैं।

वहीं दूसरी तरफ रेस्ट ऑफ इंडिया की तरफ से मुकेश कुमार ने काफी जबरदस्त गेंदबाजी की है। मुकेश कुमार ने 14 ओवर में 2 मेडन रखते हुए 60 रन देकर 3 विकेट चटकाए हैं। इसके अलावा यश दयाल ने भी 46 रन देकर 1 विकेट लिया है। अब दूसरे दिन का खेल काफी दिलचस्प होने वाला है।

Quick Links

Edited by सावन गुप्ता
Sportskeeda logo
Close menu
Cricket
Cricket
WWE
WWE
Free Fire
Free Fire
Kabaddi
Kabaddi
Other Sports
Other Sports
bell-icon Manage notifications