New Zealand vs Sri Lanka 3rd ODI: ऑकलैंड में खेले गए तीसरे वनडे में श्रीलंका के खिलाफ न्यूजीलैंड को बुरी तरह हार का सामना करना पड़ा और उसके हाथ से तीन मैचों की सीरीज 3-0 से जीतने का मौका निकल गया। श्रीलंका ने मैच में 140 रनों के अंतर से जीत हासिल की और न्यूजीलैंड को 2-1 से सीरीज जीतने में सफलता हासिल हुई। मैच में पहले खेलते हुए श्रीलंका ने 50 ओवर में 290/8 का स्कोर बनाया, जिसके जवाब में न्यूजीलैंड 29.4 ओवर में सिर्फ 150 रन बनाकर ढेर हो गई। श्रीलंका के असिथा फर्नांडो को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया, वहीं मैट हेनरी (9 विकेट) प्लेयर ऑफ द सीरीज बने।श्रीलंका की पारी में तीन बल्लेबाजों ने जड़े अर्धशतकटॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका की शुरुआत अच्छी रही और दोनों ओपनर्स ने 66 रन जोड़े। हालांकि, फिर पथुम निसांका को रिटायर्ड हर्ट होना पड़ा। वहीं इसके बाद उनके जोड़ीदार अविष्का फर्नांडो आउट हो गए और 17 रन बनाकर पवेलियन लौटे। कुसल मेंडिस ने अच्छी पारी खेली और 54 रन बनाए। हालांकि, कामिन्दु मेंडिस अर्धशतक से चूक गए और 46 के निजी स्कोर पर आउट हो गए। कप्तान चरिथ असलंका अपना खाता नहीं खोल पाए। वहीं, पथुम निसांका ने दोबारा बल्लेबाजी की और 66 रनों का योगदान दिया। लोअर ऑर्डर में जेनिथ लियानागे ने भी कमाल किया और अर्धशतक जड़ते हुए 53 रन बनाए। इस तरह श्रीलंका ने एक अच्छा स्कोर बनाने में सफलता हासिल की। न्यूजीलैंड के लिए मैट हेनरी ने सबसे ज्यादा चार विकेट झटके।मार्क चैपमैन के अलावा अन्य कीवी बल्लेबाज रहे फ्लॉपलक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम ने पावरप्ले में ही अपने 5 बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिए। इस दौरान विल यंग, टॉम लैथम और ग्लेन फिलिप्स अपना खाता भी नहीं खोल पाए। आगे भी विकेटों के गिरने का सिलसिला जारी रहा लेकिन एक छोर से मार्क चैपमैन ने 100 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की और 81 गेंदों में 81 रन बनाए। चैपमैन 30वें ओवर में पारी के आखिरी विकेट के रूप में आउट हुए। श्रीलंका की तरफ से असिथा फर्नांडो, महीश तीक्षणा और ईशान मलिंगा ने तीन-तीन विकेट झटके।