Rohit Sharma Creates Big Sixes Record : आईपीएल 2025 का 33वां मैच मुंबई इंडियंस और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला गया। इस मैच में मुंबई इंडियंस के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने एक बड़ा कीर्तिमान अपने नाम कर लिया। रोहित शर्मा इससे पहले तक लगातार फ्लॉप हो रहे थे। उनके बल्ले से उस तरह की ताबड़तोड़ पारी नहीं आ रही थी। हालांकि इस मैच में उन्होंने कुछ बेहतरीन शॉट्स खेले और एक बड़ा रिकॉर्ड बना दिया।
रोहित शर्मा ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच में अपना पुराना अंदाजा दिखाया और पुल शॉट के जरिए दो जबरदस्त छक्के लगाए। उन्होंने मोहम्मद शमी और पैट कमिंस की गेंदों पर छक्का जड़ा। उन्होंने मात्र 16 गेंद पर 3 छक्के की मदद से 26 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। इन तीन छक्कों के साथ ही रोहित शर्मा ने आईपीएल में एक बड़ा रिकॉर्ड बना दिया है।
रोहित शर्मा के अब वानखेड़े के मैदान में कुल 100 छक्के पूरे हो गए हैं। वो वानखेड़े में 100 आईपीएल छक्के लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं। उनके अलावा किसी और बल्लेबाज के वानखेड़े के स्टेडियम में 100 छक्के नहीं हैं। हालांकि रोहित शर्मा ने यह कारनामा कर दिखाया है। इसके अलावा वो ओवरऑल किसी एक वेन्यू पर 100 या उससे ज्यादा छक्के लगाने वाले चौथे बल्लेबाज बन गए हैं।
विराट कोहली और क्रिस गेल की लिस्ट में शामिल हुए रोहित शर्मा
रोहित शर्मा से पहले तीन बल्लेबाज ऐसे थे जिन्होंने आईपीएल में किसी एक वेन्यू पर 100 से ज्यादा छक्के लगाने का कारनामा किया था। दिलचस्प बात यह है कि यह तीनों ही बल्लेबाज आरसीबी के हैं जिन्होंने चिन्नास्वामी के मैदान में 100 से ज्यादा छक्के जड़े हैं। लिस्ट में सबसे टॉप पर विराट कोहली हैं जो चिन्नास्वामी में अभी तक कुल 130 छक्के लगा चुके हैं। वो किसी एक वेन्यू पर सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज हैं। इसके बाद क्रिस गेल का नंबर आता है। उन्होंने भी चिन्नास्वामी में 127 छक्के लगाए थे। वहीं एबी डीविलियर्स तीसरे नंबर पर हैं जिनके नाम 118 छक्के चिन्नास्वामी में दर्ज हैं।
अब रोहित शर्मा का नाम भी इस लिस्ट में दर्ज हो गया है। किरोन पोलार्ड ने भी वानखेड़े में 85 छक्के लगाए थे।