Shreyas Iyer Most Sixes Record : पंजाब किंग्स ने आईपीएल 2025 के फाइनल में जगह बना ली है। पंजाब किंग्स ने अहमदाबाद में खेले गए दूसरे क्वालीफायर मुकाबले में मुंबई इंडियंस को 5 विकेट से हराया और इसके साथ ही फाइनल में भी एंट्री कर ली है। पंजाब किंग्स को फाइनल में पहुंचाने का श्रेय उनके कप्तान श्रेयस अय्यर को जाता है जिन्होंने काफी जबरदस्त धुआंधार पारी खेली। श्रेयस अय्यर ने इसके साथ ही छक्कों के मामले में भी नया कीर्तिमान बना दिया। वो अब पंजाब किंग्स के लिए एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में ग्लेन मैक्सवेल का रिकॉर्ड तोड़ा।
श्रेयस अय्यर ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेले गए मुकाबले में काफी विस्फोटक पारी खेलकर पंजाब किंग्स को जीत दिलाई। पंजाब किंग्स ने 204 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए एक समय 72 रन तक 3 विकेट गंवा दिए थे। हालांकि कप्तान अय्यर एक छोर पर टिके रहे और धुआंधार पारी खेलकर टीम क जीत दिला दी। श्रेयस अय्यर ने सिर्फ 41 गेंद पर 5 चौके और 8 छक्के की मदद से नाबाद 87 रनों की पारी खेली।
श्रेयस अय्यर ने एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्कों का बनाया रिकॉर्ड
अपने इन 8 छक्कों के साथ ही श्रेयस अय्यर ने एक बड़ा कीर्तिमान भी अपने नाम कर लिया है। उन्होंने इस आईपीएल सीजन कुल मिलाकर 38 छक्के अभी तक जड़ दिए हैं। पंजाब किंग्स के किसी भी बल्लेबाज का एक सीजन में यह सबसे ज्यादा छक्कों का रिकॉर्ड है। इससे पहले यह कीर्तिमान ग्लेन मैक्सवेल के नाम था जिन्होंने 2014 के सीजन में कुल 36 छक्के जड़े थे। जबकि 2019 के सीजन में क्रिस गेल ने 34 छक्के लगाए थे।
आपको बता दें कि आईपीएल 2025 का दूसरा क्वालीफायर मुकाबला अहमदाबाद में पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच खेला गया। इस मैच में पंजाब ने मुंबई को 5 विकेट से हरा दिया और फाइनल में जगह बना ली है। पहले खेलते हुए मुंबई की टीम ने 20 ओवर में 203/6 का स्कोर बनाया, जिसके जवाब में पंजाब किंग्स ने 19 ओवर में ही 207/5 रन बनाकर जीत दर्ज कर ली। अब फाइनल में पंजाब का सामना रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से 3 मई को अहमदाबाद में ही होगा।