Yashasvi Jaiswal 1000 Test runs in a calendar year: न्यूजीलैंड के खिलाफ पुणे में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट की पहली पारी में यशस्वी जायसवाल ने अच्छी शुरुआत के बाद अपना विकेट गंवाया। यशस्वी 30 रनों की पारी खेलने के बाद ग्लेन फिलिप्स की गेंद पर स्लिप में कैच थमा बैठे। हालांकि, इसी 30 रनों की पारी के दौरान उन्होंने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। यशस्वी अपने इस रिकॉर्ड के साथ पूर्व दक्षिण अफ्रीकी दिग्गज एबी डीविलियर्स की लिस्ट में भी शामिल हो गए हैं।यशस्वी जायसवाल ने बनाया ये रिकॉर्डयशस्वी ने 2024 में अपने 1000 टेस्ट रन पूरे कर लिए हैं। इस साल टेस्ट में 1000 रन बनाने वाले वह पहले भारतीय और कुल मिलाकर जो रूट के बाद दुनिया के दूसरे बल्लेबाज बने हैं। 22 साल के यशस्वी ने भारत के लिए एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया। वह भारत के लिए एक कैलेंडर ईयर में 1000 टेस्ट रन बनाने वाले सबसे युवा बल्लेबाज बने हैं।कुल मिलाकर पूरी दुनिया में वह एक कैलेंडर ईयर में 1000 टेस्ट रन बनाने वाले दूसरे सबसे कम उम्र के बल्लेबाज बने हैं। यशस्वी से कम उम्र में केवल एबी डीविलियर्स ने ही ऐसा किया है। डीविलियर्स ने मात्र 21 साल की उम्र में एक कैलेंडर ईयर में टेस्ट में 1000 रन बना दिए थे।इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में यशस्वी ने बनाए थे 712 रनइस साल की शुरुआत में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में यशस्वी का बल्ला जमकर बोला था। उस सीरीज में यशस्वी ने नौ पारियों में 712 रन बना दिए थे जिसमें दो दोहरे शतक शामिल थे। इस सीरीज में यशस्वी का औसत 89 और स्ट्राइक-रेट 80 का रहा था। उनकी बल्लेबाजी ने बैजबाल की हवा निकाल दी थी। हालांकि, इसके बाद से वह इस तरह से नहीं खेल पा रहे हैं। दक्षिण अफ्रीका दौरे पर यशस्वी बुरी तरह फेल हुए थे। वहां पर चार पारियों में वह केवल 50 रन बना सके थे।हाल ही में हुई बांग्लादेश के खिलाफ सीरीज में यशस्वी के बल्ले से चार पारियों में 189 रन निकले जिसमें तीन अर्धशतक शामिल थे। इस सीरीज के साथ यशस्वी की वापसी की झलक दिख रही थी, लेकिन न्यूजीलैंड के खिलाफ वह फिर संघर्ष करते दिख रहे हैं।