Pro Kabaddi League: प्रो कबड्डी (Pro Kabaddi League) के 10वें सीजन (PKL 10) का 86वां मैच काफी ज्यादा रोमांचक रहा। अंत में पुनेरी पलटन और यू मुंबा के बीच जबरदस्त मैच 32-32 से टाई रहा। यह पुणे का 14 मैचों के बाद पहला टाई मैच है और वो पॉइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर बने हुए हैं। मुंबई ने दूसरा मैच टाई खेला है और वो छठे स्थान पर आ गए हैं। यू मुंबा के लिए Pro Kabaddi League के इस मैच में रेडिंग में गुमान सिंह ने सुपर 10 लगाते हुए 15 रेड पॉइंट्स लिए और डिफेंस में गोकुलकनन ने हाई 5 लगाते हुए 6 टैकल पॉइंट्स लिए। पुनेरी पलटन के लिए रेडिंग में असलम इनामदार ने सबसे ज्यादा 8 रेड पॉइंट्स लिए और डिफेंस में मोहम्मदरेज़ा शादलू ने 6 टैकल पॉइंट्स लिए। Pro Kabaddi League में Puneri Paltan और U Mumba के बीच रोमांचक मैच हुआ टाईपहले हाफ के बाद यू मुंबा ने पुनेरी पलटन के खिलाफ 19-17 से बढ़त बनाई। शुरुआत से ही दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। इस बीच जब भी पुणे ने आगे निकलने का प्रयास किया, तभी मुंबई ने उन्हें रोका और मैच में खुद को बनाए रखा। मुंबई की तरफ से गुमान सिंह ने जबरदस्त सुपर रेड करते हुए पलटन के तीन डिफेंडर्स को आउट किया और उन्हें ऑल-आउट के करीब पहुंचाया। जल्द ही मुंबा ने पुणे को पहली बार लोना देने में कामयाबी पाई। पलटन को उनके कप्तान असलम इनामदार मैच में वापस लेकर आए और पहला हाफ समाप्त होने से पहले जबरदस्त सुपर रेड की। दूसरे हाफ की शुरुआत पुनेरी पलटन ने शानदार तरीके से की और मोहित गोयत की रेडिंग के दम पर पहली बार यू मुंबा को ऑल-आउट करते हुए लीड हासिल की। मुंबई के लिए गुमान सिंह ने अपना सुपर 10 पूरा किया और स्कोर को एकदम बराबरी पर लेकर आए। इसी वजह से 30वें मिनट तक दोनों टीमों में से कोई भी टीम ज्यादा आगे नहीं थी। यू मुंबा के लिए गोकुलकनन ने अपना हाई 5 भी पूरा किया। पुणे के लिए मोहम्मदरेज़ा शादलू ने भी Pro Kabaddi League के इस सीजन में एक और हाई 5 लगाया। अंत में मुकाबला काफी ज्यादा रोमांचक हो गया था और यह कहना मुश्किल था कि कौन सी टीम जीत दर्ज करेगी। मोहित गोयत ने आखिरी मिनट में अहम मौके पर मुकलिन को आउट करते हुए पुणे को एक पॉइंट की लीड दिलाई और यहां से पलटन की जीत मुमकिन दिखाई दे रही थी। मुंबई की तरफ से आखिरी रेड करने पी राणे गए और उन्होंने बोनस हासिल करते हुए स्कोर को बराबरी पर लेकर आए। पुणे की तरफ से असलम इनामदार ने आखिरी रेड खाली करते हुए मुकाबला टाई कराना सही समझा। दोनों टीमों को Pro Kabaddi League के इस मैच से 3-3 अंक मिले।