Jey Uso Win Disliked By Fans: WWE रेसलमेनिया (WrestleMania 41) की शुरूआत वर्ल्ड हैवीवेट चैंपियनशिप मैच से हुई थी। इसमें गुंथर (Gunther) ने अपने टाइटल को जे उसो के खिलाफ डिफेंड किया था। गुंथर इसको हार गए थे, लेकिन रोमन रेंस के भाई की जीत को फैंस ने नापसंद किया है। उन्होंने नाराजगी जताते हुए अपनी भावनाओं को ऑनलाइन डाले गए वीडियो के रिएक्शन के जरिए जाहिर किया है। इससे उन्होंने संकेत दिए हैं कि उन्हें इस मुकाबले का अंत सही नहीं लगा है।
रोमन रेंस के भाई जे उसो ने इस साल का Royal Rumble मैच जीता था। उन्होंने वर्ल्ड हैवीवेट चैंपियन गुंथर के हमलों से तंग आकर उन्हें ही WrestleMania 41 में एक मैच के लिए चैलेंज कर दिया था। जे ने आखिरकार अपने मुकाबले को जीत लिया, लेकिन जब कंपनी ने इससे जुड़ा हुआ वीडियो साझा किया. तो उसको फैंस ने डिसलाइक कर दिया। इस आर्टिकल के लिखे जाने तक उस वीडियो पर 17,964 लोगों ने डिसलाइक का बटन दबा दिया था। आपको बताते चलें कि अब तक उस वीडियो को 191,442 बार देखा जा चुका है, जिसमें से महज 8,410 लोगों को ही यह पसंद आया है।
जे उसो ने जब WWE WrestleMania 41 में अपना मुकाबला जीता था, तो उसके बाद उनके भाई जिमी उसो भी रिंग में आए। उन्होंने अपने भाई के साथ इस पल का आनंद उठाया। जिमी पर 31 मार्च 2025 को हुए Raw एपिसोड में गुंथर ने हमला कर दिया था। इसके चलते पूर्व टैग टीम चैंपियन लहूलुहान हो गए थे। जे उसो के लिए यह दूसरी सिंगल्स टाइटल जीत है। इससे पहले वह इंटरकॉन्टिनेंटल चैंपियनशिप को जीतने में कामयाब रहे थे, लेकिन महज एक महीने के अंदर ही वह इसको हार बैठे थे। अब देखना होगा कि आने वाले समय में क्या होता है।
WWE दिग्गज ट्रिपल एच ने जे उसो की तारीफ की है
ट्रिपल एच ने WWE WrestleMania 41 के बाद हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में जे उसो की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि जे के साथ 60,000 लोग जुड़े हुए थे। उनके लिए मेन इवेंट जे उसो एक सही नाम है। अब देखना होगा कि फैंस के प्रिय जे उसो आने वाले समय में कैसा प्रदर्शन करते हैं और उनको फैंस से कैसा रिएक्शन मिलता है।