Controversial Superstars May Never Come WWE: WWE में कदम रखने के बाद कई सारे सुपरस्टार्स की किस्मत पूरी तरह बदल जाती है और वो बड़ा नाम बनाने में सफल होते हैं। WWE के कई सारे पूर्व स्टार्स विवादों का हिस्सा रहे हैं। कई विवादित रेसलर्स ने WWE में वापसी भी की है और चीजों को सुधारा है। इस समय कई ऐसे रेसलर्स हैं, जो इंडिपेंडेंट सर्किट पर बेहद सफल रहे हैं लेकिन उनका WWE में आना बेहद मुश्किल लग रहा है। इस आर्टिकल में हम ऐसे ही 3 विवादित सुपरस्टार्स के बारे में बात करेंगे, जिनका WWE में कदम रखना मुश्किल ही नहीं नामुमकिन लग रहा है।
3- WWE में मार्टी स्कृल का डेब्यू मुश्किल ही नहीं नामुमकिन लग रहा है
मार्टी स्कृल एक समय पर Ring of Honor प्रमोशन का बहुत बड़ा नाम हुआ करते थे लेकिन अचानक वो चर्चा से बाहर हो गए। मार्टी ने बुलेट क्लब मेंबर के रूप में काफी अच्छा काम किया। वो New Japan Pro Wrestling समेत अलग-अलग प्रमोशन में चैंपियन भी बनने में सफल हुए। लग रहा था कि वो अपने दोस्तों की तरह AEW का हिस्सा बनेंगे और फिर उन्हें WWE अपने साथ साइन कर लेगा लेकिन दोनों ही चीजें नहीं हुई।
मार्टी कुछ सालों पहले 2020 में विवादों के घेरे में आ गए और इसी के चलते उन्हें रेसलिंग कम्युनिटी ने कैंसिल कर दिया। इसके बाद से मार्टी का करियर नीचे की ओर ही गया है। उनका WWE या किसी भी अन्य बड़े प्रमोशन में काम करना बेहद मुश्किल लग रहा है। कोई भी पूर्व NJPW स्टार को अपने साथ जोड़कर बिजनेस के मामले में नुकसान नहीं कराना चाहेगा। विवादों में आने के बाद से उन्होंने रेसलिंग कम कर दी है लेकिन अभी भी छोटे-छोटे प्रमोशन में एक्टिव हैं।
2- WWE में शायद कभी नहीं आ पाएंगे माइकल एल्गिन
माइकल एल्गिन ने 2005 में रेसलिंग करना शुरू किया था और उन्हें रेसलिंग जगत में 20 साल हो गए हैं। वो इंडिपेंडेंट सर्किट पर बड़ा नाम हैं लेकिन उन्हें WWE में काम करने का मौका नहीं मिला है। इसका बड़ा कारण यह है कि माइकल कई अलग-अलग मौकों पर विवादों का हिस्सा रहे हैं। उनका नाम स्पीकिंग आउट मूवमेंट के दौरान सामने आया था, जिसके बाद से वो लगातार विवादों में रहे हैं।
साल 2011 में उनपर कुछ गंभीर आरोप लगे थे और वो 2017 में अपने ट्रेनी के कुछ आरोपों को कवर करने के लिए भी विवाद का हिस्सा बने थे। इन सभी चीजों के चलते अब तक उनका WWE में डेब्यू नहीं हुआ है और ऐसा लग रहा है कि उनका ट्रिपल थ्रेट के अंडर काम करने का चांस ना के बराबर हैं। बता दें कि माइकल एल्गिन AAW और NJPW में काफी नामी चेहरा रहे हैं। दोनों ही कंपनी में उन्होंने अलग-अलग टाइटल जीते हैं।
1- WWE में शायद कभी नहीं आ पाएंगे जोई रायन
जोई रायन इंडिपेंडेंट सर्किट का काफी बड़ा नाम रहे हैं। उन्होंने अलग-अलग प्रमोशन में काम किया है लेकिन विवादों ने उनका करियर खत्म कर दिया। रायन का रेसलिंग करियर 20 साल से भी ज्यादा लंबा रहा है। उन्होंने WWE के साथ कभी भी कॉन्ट्रैक्ट साइन नहीं किया। वो लोकल टैलेंट के तौर पर एक दशक से भी लंबे समय पहले दिखाई दे थे। उनका WWE में कभी ऑफिशियल तौर पर डेब्यू नहीं हुआ।
इंडिपेंडेंट सर्किट पर सफलता हासिल करने वाले रायन काफी विवादों में रहे हैं। जोई रायन पर स्पीकिंग आउट मूवमेंट के दौरान अलग-अलग महिलाओं ने कड़े आरोप लगाए। इससे उनके रेसलिंग करियर में बहुत दिक्कत आई। रायन ने दोबारा खुद को बिल्ड करने का प्रयास किया लेकिन वो बुरी तरह से फेल हो गए। उनका WWE में अब आना मुश्किल ही नहीं नामुमकिन लगता है।