WrestleMania 42 New Location Announced: WWE के साल के सबसे बड़े प्रीमियम लाइव इवेंट रेसलमेनिया (WrestleMania) का इंतजार सभी को होता है। कुछ हफ्तों पहले ही WrestleMania 41 का आयोजन किया गया था। अमूमन WWE एक या डेढ़ साल पहले ही WrestleMania की लोकेशन और तारीख का खुलासा कर देता है। कुछ समय पहले WrestleMania 42 की जगह बदली गई थी। अब नई जगह बता दी गई है।
WrestleMania 42 को लेकर कुछ महीनों पहले द रॉक ने ऐलान किया था। इसी बीच फाइनल बॉस ने बताया था कि 2026 का सबसे बड़ा प्रीमियम लाइव इवेंट न्यू ओर्लांस में देखने को मिलेगा। फैंस यह जानकर बेहद उत्साहित थे। हालांकि, बाद में बताया गया कि अगले साल वहां पर मेनिया नहीं होगी। इसे भविष्य के लिए शिफ्ट कर दिया गया है।
WWE ने Money in the Bank के दौरान ऐलान किया कि WrestleMania 42 का आयोजन लास वेगास के एलिजायंट एरीना में होगा। यह शो 18 और 19 अप्रैल 2026 को देखने को मिलेगा। बता दें कि WrestleMania 41 का आयोजन भी वेगास में ही हुआ था और अब दोबारा उसी शहर में इवेंट होगा। यह एक हैरान करने वाली चीज है।
आप नीचे WWE की WrestleMania 42 को लेकर आधिकारिक पोस्ट देख सकते हैं:
WWE WrestleMania 42 को लेकर ट्रिपल एच ने क्या कहा?
Money in the Bank 2025 के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस देखने को मिली थी। इसमें ट्रिपल एच नजर आए थे और उनसे WrestleMania 42 को लेकर सवाल किया गया। ट्रिपल एच ने क्लियर किया कि WrestleMania 41 द्वारा कंपनी को पैसों के मामले में तगड़ा फायदा हुआ। इसी वजह से वो दोबारा लास वेगास में शो बुक कर रहे हैं, ताकि वो फिर रिकॉर्ड तोड़ कमाई कर पाएं। उन्होंने कहा,
"जब आपने इतिहास का सबसे बड़े और रिकॉर्ड तोड़ने वाला WrestleMania लास वेगास में दे दिया, तो फिर यह कहना शानदार महसूस होता है कि हम दोबारा मनोरंजन के मामले में दुनिया की राजधानी में वापसी करना पसंद करेंगे। हम वहां पर इस साल के रिकॉर्ड तोड़ने पर अपना ध्यान लगाने वाले हैं।"
अब देखना होगा कि लास वेगास में लगातार दूसरा WrestleMania कैसा साबित होता है।