Roman Reigns In Talks Major Movie Role: WWE के मौजूदा रोस्टर में रोमन रेंस (Roman Reigns) सबसे प्रसिद्ध स्टार्स में से एक हैं। अभी रोमन एक्शन से दूर हैं और खबर आ रही है कि वो एक बड़ी फिल्म में काम करते हुए दिखाई दे सकते हैं। रेंस ने पहले भी कुछ फिल्मों में छोटे किरदार निभाए हैं और अब उनके पास अपने करियर का सबसे बड़ा रोल पाने का मौका है।
Deadline की हालिया रिपोर्ट के अनुसार पूर्व अनडिस्प्यूटेड WWE चैंपियन रोमन रेंस संभावित तौर पर आने वाली Street Fighter फिल्म का हिस्सा बन सकते हैं। यह असल में कैपकॉम द्वारा बनाए गए वीडियो गेम पर आधारित है। जेसन मोमोआ, एंड्रू कोजी और नोआह सेंटीनो के भी फिल्म का हिस्सा होने को लेकर बातचीत चल रही है।
एक रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि रोमन रेंस को अकुमा नाम के कैरेक्टर का किरदार निभाने के लिए चुना जा सकता है।
WWE में रोमन रेंस आखिरी बार कब नजर आए थे?
रोमन रेंस का WWE में आखिरी मुकाबला WrestleMania 41 में आया था। वो नाईट 1 के मेन इवेंट में सीएम पंक और सैथ रॉलिंस के खिलाफ दिखाई दिए थे। इस ट्रिपल थ्रेट मुकाबले में रोमन रेंस और सीएम पंक, दोनों को पॉल हेमन से धोखा मिला। हेमन ने सैथ रॉलिंस का हाथ थामा और उन्हें जीत दिला दी।
WrestleMania 41 के बाद Raw के पहले एपिसोड में रोमन रेंस आए। उन्होंने सैथ रॉलिंस और पॉल हेमन, दोनों पर अटैक कर दिया। अगले ही पल ब्रॉन ब्रेकर ने आकर रेंस पर स्पीयर लगाया। इसी बीच ब्रेकर ने सीएम पंक का भी हाल बेहाल किया। यहां से पता चला कि ब्रॉन, सैथ और पॉल साथ आ चुके हैं। उन्होंने अपना फैक्शन बना लिया है।
रोमन रेंस उस Raw के एपिसोड के बाद से ही बाहर हैं। पहले लगा था कि वो सीएम पंक के साथ मिलकर सैथ रॉलिंस और ब्रॉन ब्रेकर के खिलाफ टैग टीम मैच लड़ते हुए दिखाई देंगे लेकिन ऐसा नहीं है। उनकी जगह सैमी ज़ेन, पंक के साथ टीम बना रहे हैं। रोमन के अभी वापस आने के चांस कम लग रहे हैं। अगर उन्हें Street Fighter फिल्म में किरदार मिल जाता है, तो फिर उनकी WWE में वापसी में और देरी हो सकती है।