DC vs MI Probable Playing 11: आईपीएल 2025 में दिल्ली कैपिटल्स की टीम आज मुंबई इंडियंस का सामना करने उतरेगी। इस सीजन में पहली बार दिल्ली अपने घरेलू मैदान अरुण जेटली स्टेडियम में खेलती हुई दिखाई देगी। सीजन के पहले दो घरेलू मैच दिल्ली ने विशाखापट्टनम में खेले थे लेकिन अब वो दिल्ली लौट आए हैं। लगातार चार जीत हासिल कर चुकी दिल्ली की टीम बेहतरीन लय में दिखाई दे रही है और इस टीम में कुछ कमियां होने के बावजूद भी यह काफी मजबूत दिख रही है। दूसरी ओर मुंबई को पांच में से चार मैचों में हार मिल चुकी है और उन्हें जीत की सख्त जरूरत होगी। आइए जानते हैं इस मैच की संभावित प्लेइंग इलेवन क्या हो सकती है।
DC vs MI संभावित प्लेइंग 11
दिल्ली कैपिटल्स: दिल्ली की टीम में कुछ कमियां है लेकिन लगातार चार जीत के बाद वे ज्यादा छेड़छाड़ नहीं करना चाहेंगे। उदाहरण के तौर पर जेक फ्रेजर-मैक्गर्क का प्रदर्शन इस सीजन बेहद निराशाजनक रहा है लेकिन इसके बावजूद उन्हें लगातार समर्थन मिल रहा है। फाफ डूप्लेसी भी कुछ खास नहीं कर पाए हैं लेकिन इसके बावजूद उन्हें पारी की शुरुआत करने के मौके मिल रहे हैं। केएल राहुल और ट्रिस्टन स्टब्स दो ऐसे बल्लेबाज हैं जिन्होंने अब तक निरंतरता दिखाई है।
संभावित XII: जेक फ्रेजर-मैक्गर्क, फाफ डूप्लेसी, अभिषेक पोरेल, केएल राहुल (विकेटकीपर), ट्रिस्टन स्टब्स, अक्षर पटेल, आशुतोष शर्मा, विप्रज निगम, मिचेल स्टार्क, कुलदीप यादव, मोहित शर्मा, मुकेश कुमार
मुंबई इंडियंस: मुंबई ने अपना जो पिछला मैच रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ वानखेड़े में गंवाया था उसमें वे जीत के काफी करीब थे। मुंबई के कप्तान हार्दिक पांड्या ने काफी कुछ आजमा लिया है लेकिन उन्हें इस सीजन जीत नहीं मिल पा रही है। रोहित शर्मा और विल जैक्स की फॉर्म टीम के लिए सबसे बड़ी चिंता का विषय है। इसके साथ ही ट्रेंट बोल्ट भी शुरुआत में विकेट निकालने में असफल रहे हैं। जैक्स से गेंदबाजी कराई नहीं जा रही है तो ऐसे में उनकी जगह आक्रामक हिटर बेवन जैकब्स को आजमाया जा सकता है।
संभावित XII: रोहित शर्मा, रेयान रिकेल्टन (विकेटकीपर), बेवन जैकब्स, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, नमन धीर, मिचेल सैंटनर, दीपक चाहर, ट्रेंट बोल्ट, जसप्रीत बुमराह, विग्नेश पुथुर