Dasun Shanaka Could Join Gujarat Titans : आईपीएल 2025 के मुकाबले खेले जा रहे हैं। इस दौरान गुजरात टाइटंस की टीम को बड़ा झटका लगा है। उनके दिग्गज खिलाड़ी ग्लेन फिलिप्स इंजरी का शिकार हो गए हैं। ग्लेन फिलिप्स को हालांकि प्लेइंग इलेवन में तो मौका नहीं मिल पा रहा था लेकिन वो इंजरी रिप्लेसमेंट के तौर पर जरूर खेल रहे थे। इसी दौरान फील्डिंग करते वक्त उन्हें चोट लग गई थी। अब खबर आ रही है कि उनके रिप्लेसमेंट के तौर पर श्रीलंका के ऑलराउंडर खिलाड़ी को गुजरात टाइटंस के स्क्वॉड में शामिल किया जा सकता है।
ग्लेन फिलिप्स 6 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले में सब्सीट्यूट के तौर पर फील्डिंग कर रहे थे। इस दौरान एक गेंद को पकड़ने के चक्कर में वो इंजरी का शिकार हो गए थे। ईशान किशन के शॉट को रोकने के चक्कर में ग्लेन फिलिप्स बुरी तरह चोटिल हो गए थे। फिजियो को तुरंत मैदान में आना पड़ा और फिलिप्स की इंजरी इतनी गहरी थी कि उन्हें सहारे के जरिए बाहर जाना पड़ा था। इसके बाद खबर आई कि ग्लेन फिलिप्स की इंजरी ज्यादा गहरी है और उन्हें पूरे सीजन से बाहर होना पड़ा।
दसुन शनाका गुजरात टाइटंस की टीम को कर सकते हैं ज्वॉइन
वहीं अब खबर आ रही है कि ग्लेन फिलिप्स की जगह गुजरात टाइटंस की टीम में श्रीलंका के ऑलराउंडर खिलाड़ी दसुन शनाका को शामिल किया जा सकता है। न्यूजवायर की खबर के मुताबिक दसुन शनाका बहुत जल्द ही इंडिया आने वाले हैं और जरूरी क्लीयरेंस मिलने के बाद वो गुजरात टाइटंस की टीम को ज्वॉइन कर सकते हैं। दसुन शनाका की अगर बात करें तो वो इससे पहले भी आईपीएल का हिस्सा रह चुके हैं और श्रीलंका की तरफ से खेलते हुए उनका एक्सपीरियंस काफी अच्छा रहा है।
आपको बता दें कि ग्लेन फिलिप्स अपनी जबरदस्त फील्डिंग के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान कई जबरदस्त कैच पकड़े थे और हर किसी को हैरान कर दिया था। उनकी इस शानदार फील्डिंग का फायदा उठाने के लिए ही गुजरात टाइटंस ने उन्हें सब्सीट्यूट के तौर पर मैदान में उतारा लेकिन वो फील्डिंग करते हुए बुरी तरह चोटिल हो गए।