Karun Nair Fight with Jasprit Bumrah: IPL 2025 में आज 29वां मैच दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के बीच हो रहा है। इस मुकाबले में MI ने दिल्ली के सामने जीत के लिए 206 रन का बड़ा टारगेट रखा है। दिल्ली की टीम जब टारगेट का पीछा करने उतरी, तो इस दौरान मैदान पर एक ऐसा वाकया देखने को मिला, जिसने सभी का ध्यान अपनी खींचा। दरअसल, करुण नायर और जसप्रीत बुमराह के बीच थोड़ी गहमा गहमी देखने को मिली। इस वाकये का वीडियो सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोर रहा है।
करुण नायर से भिड़े जसप्रीत बुमराह
यह नजारा दिल्ली की पारी के छठे ओवर के दौरान देखने को मिला, जिसे जसप्रीत बुमराह ने किया। इस ओवर में नायर ने बुमराह की जमकर पिटाई की। उन्होंने दो छक्के और एक चौका लगाया। इसी ओवर की आखिरी गेंद पर जब नायर रन कम्पलीट कर रहे थे, तो उसी दौरान उनकी बुमराह से टक्कर हो जाती है। इससे बुमराह थोड़े नाराज हो जाते है। हालांकि, नायर तुरंत हाथ उठाकर बुमराह से इसके लिए माफी मांगते हैं।
लेकिन टाइम आउट के दौरान बुमराह और नायर के बीच मामला थोड़ा गर्म हो जाता है। अंपायर और साथी खिलाड़ी इस मामले को शांत करवाते हैं। कुछ समय बाद नायर इस मामले के बारे में हार्दिक पांड्या को बताते हुए दिखते हैं और रोहित शर्मा का रिएक्शंस इस पूरे मामले पर मजेदार होता है।
आप भी देखें ये वीडियो:
करुण नायर ने 22 गेंदों में ठोकी फिफ्टी
करुण नायर तीन साल बाद आईपीएल में खेलने उतरे और सीजन के पहले ही मैच में कमाल की बल्लेबाजी की। नायर ने महज 22 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 40 गेंदों पर 12 चौकों और 5 छक्कों की बदौलत 89 रन बनाए। हालांकि, उनकी ये पारी टीम के काम नहीं आई।
मुंबई ने दिल्ली कैपिटल्स को 12 रन से करारी शिकस्त दी। इस सीजन में दिल्ली की ये पहली हार है। इस हार की वजह से अब डीसी अंक तालिका में दूसरे पायदान पर खिसक गई है। वहीं, मुंबई इंडियंस इन 2 अंकों की मदद से सातवें पायदान पर काबिज हो गई है।