Glenn Maxwell And Yuzvendra Chahal Hug Video: IPL के 18वें सीजन का रोमांच 22 मार्च से शुरू होने जा रहा है। एक बार फिर से 10 टीमें ट्रॉफी जीतने की रेस में शामिल होंगी। इस बार कई खिलाड़ी ऐसे होंगे, जो अपनी पुरानी फ्रेंचाइजी के विरुद्ध खेलते हुए नजर आएंगे। वहीं, कुछ प्लेयर्स ऐसे भी हैं, जिनकी अपनी पुरानी फ्रेंचाइजी में लम्बे समय बाद वापसी हुई है। ये सभी चीजें फैंस के उत्साह को और भी ज्यादा बढ़ाने वाली हैं। इसी बीच पंजाब किंग्स ने सोशल मीडिया पर एक प्यारा वीडियो शेयर किया, जिसमें ग्लेन मैक्सवेल को युजवेंद्र चहल के साथ गले मिलते हुए देखा जा सकता है।
ग्लेन मैक्सवेल ने यूजी चहल को लगाया गले
आईपीएल 2025 में युजवेंद्र चहल और ग्लेन मैक्सवेल पंजाब किंग्स की टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए नजर आएंगे। इससे पहले दाएं हाथ के स्पिनर चहल राजस्थान रॉयल्स की टीम का हिस्सा थे। वहीं, मैक्सवेल आरसीबी की टीम के अहम सदस्य थे। IPL 2025 के लिए हुए मेगा ऑक्शन में पंजाब किंग्स ने इन दोनों धुरंधरों पर बड़ी बोली लगाई और खरीदकर अपने दल में शामिल कर लिया था।
ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर पहले से ही पंजाब किंग्स के कैंप के साथ जुड़ा था, लेकिन चहल ने शायद शुक्रवार को स्क्वाड को ज्वाइन किया। जैसे ही इन दोनों खिलाड़ियों आमना-सामना हुआ, तो वो नजारा देखने लायक रहा। इस वाकये का वीडियो फ्रेंचाइजी ने सोशल मीडिया पर शेयर किया।
वीडियो में देखा जा सकता है कि जब मैक्सवेल बाकी खिलाड़ियों के साथ मैदान पर फील्डिंग की प्रैकिटस कर रहे होते है, तो चहल धीरे से उनके पीछे आकर खड़े हो जाते हैं। मैक्सवेल गेंद को थ्रो करने के बाद जब चहल को पीछे देखते हैं, तो वो जोर से यूजी चिल्लाते हुए उन्हें गले लगा लेते हैं। इस दौरान दोनों के चेहरों की खुशी देखने लायक रही।
आप भी देखें यह वीडियो:
पंजाब किंग्स गुजरात टाइटंस के खिलाफ करेगी अपने अभियान की शुरुआत
श्रेयस अय्यर की अगुवाई वाली पंजाब किंग्स आईपीएल 2025 में अपना पहला मैच 25 मार्च को गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेलने उतरेगी, जिसकी कमान शुभमन गिल के हाथों में होगी। ये मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। दोनों टीमों की कोशिश पहले मैच को जीतकर अपने सफर की शुरुआत जीत के साथ करने की होगी।