KL Rahul Trolls Kevin Pietersen : आईपीएल 2025 में दिल्ली कैपिटल्स की टीम शानदार खेल दिखा रही है। टीम ने अभी तक मात्र एक ही मुकाबला गंवाया है और बाकी मैचों में शानदार जीत हासिल की है। दिल्ली कैपिटल्स टीम का माहौल इस वक्त काफी शानदार दिखाई दे रहा है। सभी खिलाड़ी अपने गेम का पूरा लुत्फ उठा रहे हैं। वहीं टीम के कोच भी ड्रेसिंग रूम और कैंप के माहौल को काफी कूल रखे हुए हैं। इसी बीच दिल्ली कैपिटल्स के कैंप से एक ऐसा वीडियो सामने आया है जिसे देखकर लगता है कि कैपिटल्स की टीम में कितना शांत माहौल है।
दरअसल दिल्ली कैपिटल्स के मेंटर और इंग्लैंड के पूर्व कप्तान केविन पीटरसन हाल ही में मालदीव छुट्टियां बिताने के लिए गए हुए थे। केविन पीटरसन आईपीएल 2025 के बीच सीजन ही मालदीव चले गए थे। इस दौरान उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स के लिए मुकाबले भी मिस किए थे।
दिल्ली कैपिटल्स फ्रेंचाइजी ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ मैच से पहले अपने सोशल मीडिया हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है जिसमें केएल राहुल ने केविन पीटरसन के मालदीव जाने का मजाक उड़ाया है। उन्होंने केविन पीटरसन को इसके लिए जमकर ट्रोल किया है। केविन पीटरसन गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल से पूछते हैं कि मेंटर क्या है। किसी को नहीं पता कि मेंटर क्या है। क्या आप मुझे बता सकते हैं कि मेंटर क्या है।
केविन पीटरसन के मालदीव जाने को लेकर केएल राहुल ने उन्हें किया ट्रोल
केविन पीटरसन के इस सवाल के जवाब में उनकी ही टीम के केएल राहुल जवाब देते हैं और पीटरसन को ट्रोल कर देते हैं। केएल राहुल कहते हैं कि मेंटर वो है जो मिड सीजन के दौरान दो हफ्ते के लिए मालदीव छुट्टियां बिताने के लिए जाता है।
दिल्ली कैपिटल्स ने अभी तक इस सीजन कुल मिलाकर 6 मैच खेले हैं जिसमें से उन्हें 5 मैचों में जीत मिली है और 1 मैच में हार का सामना करना पड़ा है। अंक तालिका में दिल्ली कैपिटल्स की टीम इस वक्त सबसे पहले पायदान पर है। दिल्ली कैपिटल्स ने अक्षर पटेल की अगुवाई में लगातार शानदार खेल दिखाया है। टीम चाहेगी कि अपना ये मोमेंटम आगे भी बरकरार रखे।