Interesting Facts About Arshad Khan: इंडियन प्रीमियर लीग के 18वें सीजन के 14वें मुकाबले में आज रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की भिड़ंत आईपीएल 2022 की विजेता गुजरात टाइटंस से हो रही है। एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में हो रहे इस मैच में गुजरात की टीम पहले गेंदबाजी कर रही है। मैच की शुरुआत में ही 27 वर्षीय तेज गेंदबाज अरशद खान दिग्गज विराट कोहली का विकेट हासिल करने में कामयाब रहे।
उन्होंने कोहली को अपने पहले ओवर की चौथी गेंद पर प्रसिद्ध कृष्णा के हाथों कैच आउट कराया। जैसे ही कोहली आउट हुए पूरे स्टेडियम में सन्नाटा छा गया। अब फैंस के मन में ये सवाल जरूर उठ रहा होगा कि कोहली का विकेट चटकाने वाले अरशद खान कौन हैं। इस आर्टिकल में हम आपको अरशद खान से जुड़ी तीन दिलचस्प चीजों के बारे में बताने वाले हैं।
3. मुंबई इंडियंस की टीम का हिस्सा रह चुके हैं अरशद खान
बहुत ही कम लोगों को पता होगा कि अरशद खान ने अपने आईपीएल करियर की शुरुआत मुंबई इंडियंस के लिए खेलते हुए की थी। एमआई ने अरशद को पहली बार आईपीएल 2022 के लिए अपने स्क्वाड में शामिल किया था। हालांकि, वह इंजरी के चलते पूरे सीजन से बाहर हो गए थे और उनकी जगह कुमार कार्तिकेय साइन किए गए थे।
MI ने इसके बावजूद अरशद को IPL 2023 के लिए रिटेन कर लिया था। उस सीजन में अरशद को 6 मुकाबले खेलने को मिले थे, जिसमें वह 5 विकेट लेने में सफल रहे थे। इस दौरान उनकी इकॉनमी रेट 13 से ऊपर की रही थी।
2. क्रिकेट खेलने के लिए रोजाना तय करते थे 300 किलोमीटर का सफर
अरशद खान के अंदर क्रिकेट खेलने का जुनून बचपन से ही रहा है। अपने सपने को पूरे करने के लिए अरशद ने काफी संघर्ष भी किया है। अरशद खान के कोच 2023 में एक इंटरव्यू में इस गेंदबाज को लेकर एक चौंकाने वाला खुलासा किया था।
कोच अब्दुल कलाम ने ईएसपीएन क्रिकइन्फो को दिए एक इंटरव्यू में बताया था, 'क्रिकेट के प्रति उनका जुनून ऐसा है कि वह क्रिकेट मैच खेलने के लिए नियमित रूप से सिवनी से जबलपुर 300 किलोमीटर की यात्रा करते थे। इसके लिए उन्हें सुबह तीन बजे उठना पड़ता था, लेकिन वह इन मैचों के लिए समय से पहले पहुंचना कभी नहीं भूलते थे।'
1. सीके नायडू ट्रॉफी (2019-20) में चटकाए थे सबसे अधिक विकेट
अरशद खान 2019-20 में संपन्न हुई सीके नायडू ट्रॉफी में अपने दमदार प्रदर्शन को लेकर काफी चर्चा में रहे थे। टूर्नामेंट में वह 35 विकेट लेकर हाईएस्ट विकेटटेकर रहे थे। इसके अलावा उन्होंने बल्ले के साथ 400 रन बनाए थे। इस दौरान उन्होंने असम और मुंबई के खिलाफ कुछ अहम पारियां खेली थीं।