आईपीएल (IPL 2023) में शुक्रवार को गुजरात टाइटंस (GT) के खिलाफ सूर्यकुमार यादव ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते आईपीएल करियर का पहला शतक जड़ा। सूर्यकुमार ने सिर्फ 49 गेंदों में नाबाद 103 रनों की पारी खेली। इस पारी की बदौलत मुबई ने शुक्रवार 12 मई को वानखेड़े स्टेडियम में गुजरात को 219 रनों का विशाल लक्ष्य दिया। हार्दिक पांड्या एंड कंपनी 191/8 का ही स्कोर बना पाई। मुंबई की टीम 27 रन की जीत दर्ज करने के साथ अंक तालिका में तीसरे स्थान पर पहुंच गई। गुजरात की टीम शीर्ष पर बरकरार है। View this post on Instagram Instagram Postसूर्यकुमार यादव की इस पारी की हर कोई तारीफ कर रहा है। टीम इंडिया के पूर्व ओपनर और कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने भी उनकी जमकर तारीफ की। सूर्या ने जब शतक जड़ा वह कमेंट्री कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सूर्या पर थोड़ी देर के लिए बादल आ सकते हैं, लेकिन चमकने से कोई रोक नहीं सकता। इस दौरान पूर्व क्रिकेटर सुरेश रैना और रूद्र प्रताप सिंह उनके साथ जियो सिनेमा पर कमेंट्री कर रहे थे। दोनों को ताली बजाते देखा जा सकता है। आकाश चोपड़ा ने यह वीडियो अपने इंस्टाग्राम पेज पर शेयर किया है।आकाश चोपड़ा ने कहा, " सूर्या ... आदर करो, सत्कार करो, सूर्या को नमस्कार करो। देखिए सूर्या पर थोड़ी देर के लिए बादल आ सकते हैं, लेकिन सूर्या को चमकने से कोई रोक नहीं सकता।" सूर्यकुमार ने अपनी पारी के दौरान 11 चौके और छह छक्के लगाए। वह मुंबई इंडियंस की पारी की अंतिम गेंद पर छक्का लगाकर अपने शतक तक पहुंचे। आईपीएल 2023 का यह चौथा शतक था। रोहित शर्मा (18 गेंदों पर 29) और इशान किशन (20 गेंदों पर 31) ने पावरप्ले के ओवरों में पहले विकेट के लिए 61 रन जोड़कर मुंबई को तेज शुरुआत दी। विष्णु विनोद ने 20 गेंदों पर 30 रन बनाए और सूर्यकुमार के साथ चौथे विकेट के लिए 65 रन की साझेदारी की थी।