MI best bowler against CSK IPL 2025: आईपीएल 2025 में चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंंडियंस की पहली भिड़ंत चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में हुई। मुंबई इंडियंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 9 विकेट गंवाकर 155 रन बनाए। चेपॉक में सीएसके के स्पिनर्स का जादू सिर चढ़कर बोला और मैच में नूर अहमद ने सबसे ज्यादा 4 विकेट अपने नाम किए। दूसरी तरफ मुंबई की ओर से केरल के युवा गेंदबाज विग्नेश पुथुर ने अपने डेब्यू मैच में चेन्नई के तीन विकेट चटकाए।विग्नेश पुथुर को मिला बेस्ट गेंदबाज का अवॉर्डअब मुंबई इंडियंस ने अपने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें विग्नेश पुथुर को अपने शानदार स्पेल के लिए बेस्ट गेंदबाज का अवॉर्ड दिया जा रहा है। वीडियो में टीम की मालकिन नीता अंबानी युवा स्पिनर विग्नेश को एक स्पेशल अवॉर्ड दे रही हैं, जिन्होंने मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल में डेब्यू करते हुए जबरदस्त प्रदर्शन किया। नीता अबानी ने विग्नेश को बेस्ट बॉलर का अवॉर्ड दिया और बाद में युवा गेंदबाज ने नीता अंबानी के पैर भी छुए। इसके बाद विग्नेश ने मुंबई इंडियंस को उन्हें मौका देने के लिए शुक्रिया कहा। उन्होंने कहा कि मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं इतने बड़े खिलाड़ियों के साथ खेलूंगा। साथ ही उन्होंने कप्तान सूर्यकुमार यादव का धन्यवाद किया और कहा कि वह बहुत सपोर्टिव हैं।विग्नेश का पहले मैच में प्रदर्शनबता दें कि विग्नेश ने चार ओवर के स्पेल में 32 रन देकर 3 विकेट अपने खाते में डाले। उन्होंने पहला विकेट सीएसके के कप्तान रुतुराज गायकवाड़ के रूप में लिया। इसके बाद उन्होंने दूसरा विकेट शिवम दुबे और तीसरा विकेट दीपक हूडा का लिया। इसके बाद से अब पुथुर लगातार सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रहे हैं। फैंस उनको काफी पसंद कर रहे हैं। 2 मार्च 2001 में केरल में जन्मे पुथुर काफी साधारण परिवार से आते हैं। उनके पिता ऑटो ड्राइवर हैं। उन्होंने 11 साल की उम्र में ही क्रिकेट खेलना शुरू कर दिया था।इससे पहले विग्नेश SA20 लीग के तीसरे सीजन में मुंबई के लिए नेट गेंदबाज की भूमिका निभा चुके हैं। मुंबई इंडियंस ने 30 लाख रुपये के बेस प्राइस में युवा गेंदबाज को अपने स्क्वाड का हिस्सा बनाया था। अगर मुंबई इंडियंस के प्रदर्शन की बात करें तो उन्हें एक बार फिर सीजन के अपने पहले मैच में हार का सामना करना पड़ा है। मुंबई इंडियंस ने आखिरी बार 2012 में सीजन के पहले मैच में जीत दर्ज की थी।