Players Retired Out before Tilak Varma IPL: आईपीएल के 18वें सीजन में शुक्रवार को लखनऊ सुपरजायंट्स और मुंबई इंडियंस के बीच एक रोमांचक मैच खेला गया। इस मैच में रोमांच के बीच लखनऊ ने 12 रन से मुंबई को शिकस्त दी। लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मैच में मुंबई इंडियंस की हार के अलावा ये मैच आईपीएल के एक खास रिकॉर्ड लिस्ट में दर्ज हो गया। क्योंकि इस मैच में मुंबई इंडियंस के बल्लेबाज तिलक वर्मा को रिटायर्ड आउट होना पड़ा।
मुंबई इंडियंस की टीम 204 रन के लक्ष्य का पीछा कर रही थी। जहां आखिरी ओवर शुरू होने से पहले यानी 19वें ओवर में एमआई ने तिलक वर्मा को रिटायर्ड आउट करने का फैसला किया। इसके साथ ही तिलक वर्मा आईपीएल के इतिहास में रिटायर्ड आउट होने वाले चौथे खिलाड़ी बन गए। चलिए आपको इस आर्टिकल में बताते हैं वो 3 बल्लेबाज जो तिलक वर्मा से पहले आईपीएल में हो चुके हैं रिटायर्ड आउट।
3. साई सुदर्शन (GT) बनाम MI, अहमदाबाद, 2023
गुजरात टाइटंस के युवा स्टार बल्लेबाज साई सुदर्शन इस सीजन जबरदस्त फॉर्म में दिख रहे हैं। लेकिन इस खिलाड़ी को भी आईपीएल में रिटायर्ड आउट होना पड़ा है। साई सुदर्शन को साल 2023 में गुजरात टाइटंस और मुंबई इंडियंस के बीच अहमदाबाद में खेले गए क्वालीफायर मैच में विरोधी टीम के हाथों आउट हुए बिना ही आउट होना पड़ा था। जहां वो इस मैच में 31 गेंद में 43 रन बनाकर रिटायर्ड आउट हुए थे। वो ज्यादा गेंद खेल रहे थे इसी वजह से उन्हें रिटायर्ड आउट किया गया। वैसे इस मैच को गुजरात ने 62 रन से जीता था।
2. अथर्व तायडे (PBKS) बनाम DC, धर्मशाला, 2023
आईपीएल में पंजाब किंग्स के साथ खेल चुके अर्थव तायडे भी रिटायर्ड आउट के रूप में अपना विकेट गंवा चुके हैं। इस युवा बल्लेबाज को आईपीएल के 2023 के सीजन में इस दौर से गुजरना पड़ा था। जब धर्मशाला के मैदान में दिल्ली कैपिटल्स से मैच खेला गया। इस मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने 213 रन का विशाल स्कोर बनाया था। इसके जवाब में पंजाब किंग्स के लिए तीसरे नंबर पर खेलने आए तायडे ने 55 रन की पारी जरूर खेली। लेकिन वो इसके लिए 42 गेंद खेल बैठे। ऐसे में उन्हें रिटायर्ड आउट करने का फैसला किया गया था।
1. आर अश्विन (RR) बनाम LSG, वानखेड़े, 2022
आईपीएल के इतिहास में रिटायर्ड आउट होने वाले पहले बल्लेबाज राजस्थान रॉयल्स के आर अश्विन रहे हैं।अश्विन को 2022 में लखनऊ सुपरजायंट्स के खिलाफ खेले गए मैच में रिटायर्ड आउट होना पड़ा था। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मैच में अश्विन को छठे नंबर पर बल्लेबाजी का मौका मिला था। जहां उन्होंने 23 गेंदों में 28 रन की पारी खेली थी।