Indian Players who Hit a Six on the First Ball: इंडियन प्रीमियर लीग वर्ल्ड क्रिकेट का वो टी20 लीग है, जिसे सबसे बड़ा चैलेंजिंग माना जाता है। इस मेगा टी20 लीग में किसी भी खिलाड़ी के लिए अपना डेब्यू आसान नहीं रहता है। पूरे वर्ल्ड क्रिकेट के सबसे बेहतरीन खिलाड़ी इस लीग में खेलते हैं। ऐसे में यहां की चुनौती को समझा जा सकता है। इस लीग में बड़े-बड़े सिक्सर किंग खेले हैं।
भारत के कई बड़े सिक्स हिटर्स खेले हैं। जिसमें रोहित शर्मा से लेकर विराट कोहली, एमएस धोनी से लेकर सूर्यकुमार यादव जैसे खिलाड़ी हैं। लेकिन इस लीग में डेब्यू मैच में पहली ही गेंद पर छक्का लगाने वाले बल्लेबाजों में सिर्फ 4 भारतीय खिलाड़ियों के नाम है। जिसमें इनमें से कोई बड़ा नाम शामिल नहीं है। चलिए आपको बताते हैं वो 4 भारतीय खिलाड़ी जिन्होंने IPL डेब्यू की पहली ही गेंद पर लगाया है छक्का
4. वैभव सूर्यवंशी (राजस्थान रॉयल्स)
आईपीएल के इतिहास में सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बने वैभव सूर्यवंशी का नाम इस वक्त हर किसी की जुबां पर चढ़ा हुआ है। उस युवा खिलाड़ी ने शनिवार 19 अप्रैल को लखनऊ सुपरजायंट्स के खिलाफ डेब्यू किया। राजस्थान रॉयल्स के 14 साल के इस बल्लेबाज ने अपने डेब्यू की पहली ही गेंद पर शार्दुल ठाकुर को जबरदस्त छक्का लगाया और उन्होंने आईपीएल की शुरुआत छक्के के साथ करके हर किसी को हैरान कर दिया।
3. समीर रिजवी (चेन्नई सुपर किंग्स)
आईपीएल 2024 में एक नाम जिसने ऑक्शन के दौरान खास पहचान बनायी। वो उत्तर प्रदेश के समीर रिजवी थे। इस खिलाड़ी को चेन्नई सुपर किंग्स ने बड़ा दांव लगाकर अपनी टीम का हिस्सा बनाया। जिसके बाद उन्होंने गुजरात टाइटंस के खिलाफ डेब्यू किया और इस मैच में उन्होंने राशिद खान जैसे खतरनाक गेंदबाज के खिलाफ पहली ही गेंद पर छक्का लगाकर यादगार डेब्यू किया।
2. सिद्धेश लाड (मुंबई इंडियंस)
मुंबई के बल्लेबाज रहे सिद्धेश लाड को आईपीएल के अब तक के इतिहास में सिर्फ 1 मैच खेलने का मौका मिला। लेकिन ये एक मैच उन्होंने यादगार बना डाला। साल 2019 के आईपीएल सीजन में मुंबई इंडियंस के लिए सिद्धेश लाड ने पंजाब किंग्स के खिलाफ डेब्यू किया। उन्हें इस मैच में पारी की शुरुआत करने का मौका मिला और अंकित राजपूत की पहली ही गेंद पर छक्का लगाकार शानदार अंदाज में डेब्यू किया।
1. अनिकेत चौधरी (रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू)
राजस्थान के तेज गेंदबाज रहे अनिकेत चौधरी को साल 2017 में आईपीएल में डेब्यू का मौका मिला। उन्होंने अपने डेब्यू मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के लिए 11 नंबर पर बल्लेबाजी की और सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ पहली ही गेंद पर बैन कटिंग को छक्का लगाया। उन्होंने आईपीएल की शुरुआत छक्के के साथ खास अंदाज में की।